‘शाम 7 बजे सब खत्म हो जाएगा’, कानपुर सेंट्रल को फिर बम की धमकी से मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शुमार कानपुर सेंट्रल पर शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस कंट्रोल रूम को एक अनजान कॉल आई। कॉल करने वाले ने सनसनीखेज दावा किया कि “शाम 7 बजे स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा… सब कुछ खत्म हो जाएगा।”
घंटों चला सर्च ऑपरेशन, हाई अलर्ट पर रहा स्टेशन
धमकी मिलते ही कमिश्नरी पुलिस, आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और खुफिया एजेंसियां (LIU) अलर्ट मोड पर आ गईं। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, वेटिंग एरिया, विश्राम कक्ष और टिकट काउंटरों की गहनता से जांच की गई। यात्रियों को हिदायत दी गई कि वे किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को बताएं।
हिरासत में लिया गया युवक, कहानी में निकला ट्विस्ट
धमकी भरी कॉल करने वाले नंबर को ट्रेस कर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि, पूछताछ में कहानी पूरी तरह बदल गई। हिरासत में लिए गए युवक का दावा है कि उसका मोबाइल 24 फरवरी को चोरी हो गया था और उसे नहीं पता कि कॉल किसने की है।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पूरी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और फिलहाल कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। आरपीएफ और पुलिस टीम युवक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि वह सच बोल रहा है या पुलिस को गुमराह कर रहा है।
36 घंटे में दूसरी बार धमकी
हैरानी की बात यह है कि पिछले 36 घंटों में कानपुर सेंट्रल को उड़ाने की यह दूसरी धमकी थी। लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ा दी है। पुलिस अब यह जांच रही है कि कहीं यह किसी गिरोह की शरारत तो नहीं जो सुरक्षा व्यवस्था को परखने की कोशिश कर रहा है।

