लखनऊ: दुबग्गा के बेगरिया गांव में खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या, हिरासत में तीन आरोपी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में बुधवार शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसकी माँ और बहन को हिरासत में ले लिया है।
घटना का विवरण
आपको बता दें कि घटना 4 मार्च की शाम करीब 06:00 बजे दुबग्गा के बेगरिया गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान आरोपी मोहित तिवारी, उसकी माँ और उसकी बहन ने मिलकर दूसरे पक्ष के सूरज गौतम (22 वर्ष) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल सूरज गौतम को तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालांकि, घाव गहरे होने के कारण चिकित्सकों ने उसे अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य आरोपी मोहित तिवारी और उसकी माँ व बहन को हिरासत में ले लिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

