आजमगढ़ में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़, दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली, 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के आजमगढ़ में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को दोहरी सफलता मिली है। जिले के निजामाबाद और फूलपुर थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के बाद गोतस्करी में शामिल गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पहली मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटर मेराज हुआ ढेर

पहली घटना बुधवार रात निजामाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा पुल के पास हुई। पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर मेराज घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मेराज के पास से एक बिना नंबर की चोरी की बाइक, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। मेराज के खिलाफ पहले से ही गैंगस्टर और गोवध अधिनियम के तहत 17 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, उसका साथी नासिर भागने में कामयाब रहा।

दूसरी मुठभेड़: फूलपुर में भोर में हुई फायरिंग

दूसरी मुठभेड़ गुरुवार तड़के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ियार गांव के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित पशु अवशेष मामले में कुछ तस्कर सक्रिय हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां दागीं। इस दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद आमिर घायल हो गया। पुलिस ने यहां से कुल तीन अभियुक्तों को पकड़ा। पूछताछ में इन्होंने कबूल किया कि ये आवारा पशुओं को पकड़कर उनका अवैध वध करते थे और मांस बेचते थे। इनके पास से चापड़ और हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस का बयान

सीओ किरन पाल सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों का इलाज कराया जा रहा है। फरार अभियुक्त नासिर की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि गोतस्करी और अवैध वध जैसे अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: लखनऊ की बेटियों के लिए सुनहरा मौका, ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ में 5000 युवतियों को मिलेगी नौकरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.