AI की दुनिया में ट्रंप का बड़ा एक्शन, Anthropic को बताया राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तकनीकी क्षेत्र में एक और कड़ा रुख अपनाते हुए दिग्गज एआई कंपनी Anthropic पर बड़ा बैन लगा दिया है। ट्रंप प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर कंपनी को सप्लाई चेन रिस्क (आपूर्ति श्रृंखला के लिए खतरा) घोषित कर दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब कोई भी सरकारी एजेंसी या अमेरिकी सैन्य फर्म इस कंपनी की सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी।

ट्रंप के इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा सैम ऑल्टमैन की कंपनी OpenAI को मिला है। जैसे ही Anthropic को सरकारी दफ्तरों से बाहर किया गया, OpenAI ने बाजी मारते हुए ChatGPT के लिए अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी ‘पेंटागन’ के साथ एक बड़ी डील साइन कर ली। हालांकि, OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने इस पार्टनरशिप पर सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ऐसी बड़ी साझेदारियों में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

अमेरिकी सरकार और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का मानना है कि Anthropic के एआई टूल्स और इसकी लीडरशिप की कार्यप्रणाली देश की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। सरकार द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि Anthropic के प्रोडक्ट्स अब ‘तत्काल प्रभाव’ से सप्लाई चेन के लिए रिस्क हैं। इस फैसले ने कंपनी और सरकार के बीच बातचीत के सारे रास्ते लगभग बंद कर दिए हैं।

CEO डारियो एमोडे ने मांगी माफी

इस विवाद के बीच Anthropic के CEO डारियो एमोडे की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने एक लीक हुए इंटरनल मेमो (जिसमें सरकार के फैसले पर सवाल उठाए गए थे) के लिए माफी तो मांगी है, लेकिन साथ ही लड़ने का एलान भी किया है। डारियो ने कहा, Anthropic इस फैसले के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएगा। आज से पहले किसी भी अमेरिकी कंपनी के साथ सार्वजनिक रूप से ऐसा व्यवहार नहीं किया गया है।

हैरानी की बात यह है कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और खुद OpenAI जैसी प्रतिद्वंदी कंपनियों ने भी एकजुट होकर अमेरिकी सरकार से अपील की थी कि Anthropic पर इतना कड़ा दबाव न बनाया जाए। इसके बावजूद डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सुरक्षा नीतियों को प्राथमिकता देते हुए यह प्रतिबंध लागू कर दिया।

सेना से जुड़ी कंपनियों ने बनाई दूरी

पेंटागन के इस रुख के बाद अमेरिकी सेना के लिए काम करने वाली बड़ी टेक फर्म्स ने अब Anthropic से किनारा करना शुरू कर दिया है। कुछ समय पहले तक सरकारी एजेंसियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा Claude AI अब सरकारी गलियारों से पूरी तरह गायब होने की कगार पर है।

Also Read: ट्रंप सरकार से नाराज हुए खाड़ी देश, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए सहयोगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.