Kushinagar News: डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अधिकारियों को दोटूक- जनता को दफ्तरों के चक्कर कटवाए, तो खैर नहीं

कुशीनगर। खड्डा तहसील सभागार में आज ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए लोगों की फरियाद सुनी। समाधान दिवस की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी।

लापरवाही मिली तो होगी ‘कठोर’ कार्रवाई

समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की पहली प्राथमिकता जनता की संतुष्टि है। उन्होंने कहा, “शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर पारदर्शी और नियमसम्मत होना चाहिए। अगर किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तय है।”

पुलिस और राजस्व के विवादों पर सख्त नजर

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने भी पुलिस विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवाद और आपसी रंजिश जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस और राजस्व टीम को संयुक्त रूप से काम करने को कहा। एसपी ने निर्देश दिया कि थाना प्रभारी खुद सुनिश्चित करें कि पीड़ितों को बार-बार थाने या तहसील न दौड़ना पड़े।

आंकड़ों में आज का समाधान दिवस

खड्डा तहसील में आज कुल 63 प्रार्थना पत्र पेश हुए, जिनमें से प्रशासन मौके पर केवल 4 मामलों का ही समाधान कर सका। बाकी 59 मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए 3 दिन की समयसीमा तय की गई है।

विभाग शिकायतों की संख्या
राजस्व विभाग 23
पुलिस विभाग 13
विकास विभाग 06
संयुक्त (पुलिस+राजस्व) 04
अन्य विभाग 17
कुल प्राप्त प्रार्थना पत्र 63

तहसील का औचक निरीक्षण

समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने न्यायालय की फाइलों को खंगाला और लंबित पड़े मुकदमों की समीक्षा की। उन्होंने उपजिलाधिकारी (SDM) को निर्देश दिया कि जो मामले लंबे समय से रुके हुए हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश बर्मा समेत जनपद के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

Also Read: Kushinagar News: सुकरौली ब्लॉक प्रमुख बोलीं- शिक्षित महिला ही बदलेगी समाज की तस्वीर   

Get real time updates directly on you device, subscribe now.