India Wins T20 World Cup 2026: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा, सीएम योगी बोले- आज फिर आसमान तिरंगा हो गया

India Wins T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देशभर की दिग्गज हस्तियों ने टीम इंडिया को बधाई दी है।

सीएम योगी और सतीश महाना का संदेश

जीत की खुशी साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा “जयतु भारतम्! आज फिर आसमान ‘तिरंगा’ हो गया, 145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई! विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन! #T20WorldCup2026final”

वहीं, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी टीम को बधाई देते हुए इसे पूरे देश के लिए गर्व और ऐतिहासिक खुशी का क्षण बताया।

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम शुरू से ही कीवी टीम पर हावी रही। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने मात्र 21 गेंदों में ताबड़तोड़ 52 रन बनाए। ईशान किशन ने शानदार 54 रनों का योगदान दिया।

तो वहीं 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 159 रनों पर (19वें ओवर में) ढेर हो गई।

अवॉर्ड्स की बौछार

मैन ऑफ द मैच: घातक गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को चुना गया।

मैन ऑफ द सीरीज: पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को इस खिताब से नवाजा गया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.