सपा मुख्यालय में मनाई गई पूर्व सांसद शिवदयाल सिंह चौरसिया की जयंती, अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य कार्यालय में शुक्रवार को एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद शिवदयाल सिंह चौरसिया को नमन किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने शिवदयाल सिंह चौरसिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भी उन्हें नमन करते हुए उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, दंडी स्वामी बद्रीनाथ, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष शुभम गिरि और असम के प्रदेश अध्यक्ष ब्रोजेन कुमार हैण्डिक सहित कई दिग्गजों ने शिरकत की। वक्ताओं ने चौरसिया को एक ऐसा व्यक्तित्व बताया जिन्होंने राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी लखनऊ और प्रदेश के लिए अमिट छाप छोड़ी है।

इन प्रमुख लोगों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राम लखन चौरसिया, पूर्व विधायक सुभाष राय, पार्षद राम नरेश चौरसिया, व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल और डॉ. अजय चौरसिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए। श्रद्धांजलि देने वालों में एडवोकेट प्रियंका चौरसिया, अक्षय जैन अरिहंत और विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी भी शामिल रहे।
Also Read: बच्चों में क्यों होती है Protein Deficiency, जानिए इसके लक्षण और जरूरी पोषण

