कटक के SCB मेडिकल कॉलेज में आग का तांडव, आईसीयू में दम घुटने से 10 मरीजों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज में सोमवार का दिन मातम लेकर आया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वहाँ इलाज करा रहे मरीजों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे ने अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के वक्त अस्पताल में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल था। आईसीयू के अंदर से शोर सुनाई दिया और कुछ ही पलों में पूरा कमरा गहरे काले धुएं से भर गया। लोग अपनों को बचाने के लिए अंदर भागना चाह रहे थे, लेकिन धुएं की वजह से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा

हादसे की खबर मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि आग लगने से 7 मरीजों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि 3 अन्य ने दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने के दौरान दम तोड़ दिया। आग ट्रॉमा केयर सेंटर के आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्डों में फैली थी, जहाँ उस वक्त 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। मुख्यमंत्री ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

राष्ट्रपति ने व्यक्त किया शोक

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने ‘एक्स’ (Twitter) पर पोस्ट करते हुए लिखा, कटक के अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि से मैं अत्यंत व्यथित हूँ। मेरी हार्दिक संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। स्वास्थ्य सचिव अश्वथी एस ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज देना है। डॉक्टरों की टीम को तैनात कर दिया गया है और अन्य वार्डों में शिफ्ट किए गए मरीजों की निगरानी की जा रही है।

Also Read: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की चेतावनी, बोले- शहीदों के खून का बदला लेंगे और हर्जाना वसूलेंगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.