बंगाल में अवैध कॉल सेंटर सिंडिकेट पर ED का बड़ा प्रहार, सिलीगुड़ी से हावड़ा तक 10 ठिकानों पर छापेमारी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में अवैध कॉल सेंटरों के जरिए मासूम लोगों को ठगने वाले गिरोह के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत राज्य के 10 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। ईडी को शक है कि इन कॉल सेंटरों के जरिए न केवल लोगों से ठगी की गई, बल्कि उस पैसे को अवैध तरीके से विदेश भी भेजा गया है।

ईडी की टीमों ने सोमवार सुबह ही अपनी छापेमारी शुरू कर दी थी। जिन प्रमुख शहरों को निशाना बनाया गया है, उनमें सिलीगुड़ी, हावड़ा, बिधाननगर (कोलकाता) और दुर्गापुर शामिल हैं।

रडार पर आए मास्टरमाइंड

सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने इस सिंडिकेट से जुड़े कई रसूखदार लोगों के ठिकानों पर दबिश दी है। इनमें मुख्य रूप से सुराश्री कर, सम्राट घोष और सुभाजीत चक्रवर्ती जैसे नाम शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि ये लोग इस अवैध नेटवर्क के संचालन और वित्तीय लेन-देन में मुख्य भूमिका निभा रहे थे।

तलाशी के दौरान ईडी की टीमें भारी मात्रा में दस्तावेज़, कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त कर रही हैं। डिजिटल उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ठगी का पैसा किन-किन माध्यमों से इधर-उधर किया गया? क्या इस नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय अपराधियों से भी जुड़े हैं? अवैध कमाई को सफेद करने के लिए किन शेल कंपनियों का इस्तेमाल हुआ?

फिलहाल ईडी के अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इस तलाशी अभियान के बाद कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। अवैध कॉल सेंटर नेटवर्क बंगाल में पिछले काफी समय से सक्रिय है, और यह कार्रवाई इस गोरखधंधे की जड़ तक पहुँचने की एक बड़ी कोशिश मानी जा रही है।

Also Read: कटक के SCB मेडिकल कॉलेज में आग का तांडव, आईसीयू में दम घुटने से 10 मरीजों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.