Lucknow News: वकील ससुर ने दामाद को पटरे से पीट-पीटकर मार डाला, बेटी और 3 साल की नातिन के सामने कत्ल
Lucknow News: राजधानी के आशियाना इलाके में मंगलवार देर रात रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। हाई कोर्ट में वकील ससुर ने अपनी बेटी की लव मैरिज से नाराज होकर अपने दामाद की हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रतापगढ़ निवासी विष्णु यादव (32) के रूप में हुई है, जो जोमेटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था।
विष्णु ने चार साल पहले आरोपी वकील तीर्थराज सिंह की बेटी साक्षी से प्रेम विवाह किया था। परिवार इस शादी के खिलाफ था, लेकिन साक्षी की जिद पर विष्णु अक्सर अपनी 3 साल की बेटी अर्चिता को लेकर ससुराल (नाना-नानी के घर) आता था। मंगलवार रात करीब 8 बजे भी वह परिवार के साथ आशियाना पहुँचा था।
रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर ससुर और दामाद के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि तीर्थराज ने चारपाई का भारी पटरा उठाकर विष्णु के सिर पर दे मारा। वार इतना जोरदार था कि विष्णु का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर अपनी पत्नी और मासूम बच्ची के सामने ही गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आई बेटी साक्षी को भी चोटें आईं।

पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी वकील ससुर तीर्थराज सिंह सहित परिवार के 6 सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों और पुलिस जांच में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
पहले भी हुआ था हमला: बताया जा रहा है कि आरोपी ससुर दबंग छवि का है और डेढ़ साल पहले भी उसने विष्णु पर चाकू से हमला किया था।
जेल जा चुका था दामाद: करीब दो साल पहले विष्णु अपनी ही एक साली के अपहरण के आरोप में जेल गया था, जिससे ससुर-दामाद के बीच नफरत और गहरी हो गई थी।
लव मैरिज का गुस्सा: तीर्थराज अपनी बेटी के इस फैसले से कभी खुश नहीं थे और विष्णु को देखना तक पसंद नहीं करते थे।
Also Read: पुराने संसद भवन की छत पर लगी आग, CISF ने तुरंत पाया नियंत्रण

