UP News: ओलावृष्टि और बिजली गिरने से 11 की मौत, हमीरपुर में 14°C गिरा पारा, फसलों को भारी नुकसान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ ने पूरे प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण हुए विभिन्न हादसों और आकाशीय बिजली गिरने से अब तक 11 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है।
तापमान में ऐतिहासिक गिरावट
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हमीरपुर का पारा सबसे ज्यादा 14°C तक लुढ़क गया। राजधानी लखनऊ में दिन के तापमान में 10.3°C की गिरावट आई, जिससे सुबह का तापमान 18°C के करीब रहा। अयोध्या और बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 14°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही। जबकि सिद्धार्थनगर में सबसे ज्यादा 39.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
ओलावृष्टि से फसलों की बर्बादी
ललितपुर, सीतापुर, बाराबंकी और गोंडा जैसे जिलों में ओले गिरने से खेतों में ‘सफेद चादर’ बिछ गई।
प्रभावित फसलें: तैयार खड़ी गेहूं, सरसों, तंबाकू और आलू की फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है। तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है।
क्षेत्रवार असर: बहराइच, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और बलरामपुर में तेज बारिश हुई, जबकि झांसी और लखीमपुर खीरी में ओलावृष्टि ने तबाही मचाई।
मुख्यमंत्री का एक्शन मोड: मुआवजे का निर्देश
बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी तत्काल फील्ड में जाकर फसलों के नुकसान का सर्वे करें। प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण तत्काल और पूरी पारदर्शिता के साथ शुरू किया जाए। बिजली गिरने और अन्य हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मदद पहुंचाई जाए।
मौसम का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार दोपहर से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होना शुरू हो जाएगा। रविवार (22 मार्च) से मौसम के सामान्य होने और धूप निकलने की संभावना है।

