ईद के जश्न के बीच अखिलेश ने फूंका चुनावी बिगुल, कहा- 2027 में बदलेगी उत्तर प्रदेश की तस्वीर!

Sandesh Wahak Digital Desk: ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों को अमन-चैन की मुबारकबाद दी। हालांकि, इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और आगामी चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का खुलकर समर्थन करते हुए उत्तर प्रदेश में 2027 के सत्ता परिवर्तन का बड़ा संकेत दिया।

ममता बनर्जी पर अटूट भरोसा

पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा “ममता बनर्जी अगर अकेले भी चुनाव लड़ेंगी, तो भी जीत हासिल करेंगी।” ममता बनर्जी द्वारा भाजपा को ‘बेईमान’ कहे जाने पर अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि “ममता जी ने तो बहुत छोटा शब्द इस्तेमाल किया है, भाजपा के लिए इससे भी कड़े शब्दों की जरूरत है।”

कानून-व्यवस्था: तीन ‘गढ़’ और बढ़ते अपराध

अखिलेश यादव ने वीआईपी निर्वाचन क्षेत्रों का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। मथुरा में गौ-सेवक (फरसा वाले बाबा) की हत्या और वहां हुए बवाल को उन्होंने अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताया। काशी में सरेआम छात्र को गोली मारे जाने की घटना का जिक्र कर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में हो रहे अपराधों पर तंज कसते हुए कहा कि जब इन बड़े नेताओं के अपने क्षेत्रों का यह हाल है, तो शेष यूपी भगवान भरोसे है।

गंगा सफाई और भ्रष्टाचार के आरोप

अखिलेश ने केंद्र सरकार के ‘नमामि गंगे’ प्रोजेक्ट पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि “गंगा मैया के नाम पर राजनीति करने वालों ने आखिर नदी के लिए क्या किया? गंगा सफाई के नाम पर खर्च हुए अरबों-खरबों रुपये आखिर कहां गए?”

शंकराचार्य दौरा और ‘बाटी-चोखा’ वाला तंज

लखनऊ में शंकराचार्य के आगमन पर भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा “जो भाजपा नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, वे शंकराचार्य के आने पर गायब हो गए। बहुत लोगों का मन ‘बाटी-चोखा’ खाने का था, लेकिन अब वे दोबारा ऐसा सोच भी नहीं पाएंगे।”

मिशन-2027 का शंखनाद

अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, “2027 में बहुत बड़ी शपथ होने जा रही है।” यह स्पष्ट संकेत है कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता वापसी की तैयारी में जुट गई है।

Also Read: गुरुग्राम में शुरू हुआ LPG ATM, 2-3 मिनट में मिलेगा भरा सिलेंडर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.