Pratapgarh News: BSA ऑफिस में शिक्षक की ‘दबंगई’, राइफल से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय परिसर में एक शिक्षक द्वारा अपनी लाइसेंसी रिपीटर राइफल से हर्ष फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी अजय सिंह एक शिक्षक हैं और ‘बेसिक शिक्षा सोसाइटी’ के अध्यक्ष भी बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी अजय सिंह बीएसए कार्यालय के मुख्य परिसर में अपनी लाइसेंसी रिपीटर बंदूक से हवा में फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना सार्वजनिक स्थान पर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने और शस्त्र लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन का स्पष्ट मामला है।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन चौकी प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की कि फायरिंग बीएसए कार्यालय के सामने ही की गई है। उपनिरीक्षक की तहरीर पर नगर कोतवाली में अजय सिंह के विरुद्ध विधि सम्मत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह फायरिंग किस तिथि को हुई, उस समय कार्यालय में कौन-कौन से अधिकारी या कर्मचारी मौजूद थे और किन परिस्थितियों में बंदूक का प्रयोग किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का प्रदर्शन न केवल कानून का मजाक उड़ाना है, बल्कि शस्त्र लाइसेंस के नियमों का गंभीर उल्लंघन भी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।
रिपोर्ट: विनोद मिश्रा

