ईरान के मिसाइल हमलों से दहल उठा इजरायल, स्कूल-कॉलेज बंद, 88 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान द्वारा किए गए भीषण मिसाइल हमलों ने इजरायल को हिलाकर रख दिया है। इन हमलों के बाद पूरे देश में स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। भारी नुकसान और सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए इजरायली सरकार ने देशव्यापी आपातकालीन कदम उठाए हैं और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

इजरायल के शिक्षा मंत्री योआव कीश ने घोषणा की है कि मौजूदा सुरक्षा हालातों के चलते रविवार और सोमवार को देश के सभी शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे। सुरक्षा कारणों से किसी भी फिजिकल क्लास (स्कूल में पढ़ाई) की अनुमति नहीं होगी। पूरी शिक्षा व्यवस्था को अब ‘रिमोट लर्निंग’ (ऑनलाइन क्लासेस) पर शिफ्ट कर दिया गया है। विशेष शिक्षा और ‘यलो एरिया’ (बच्चों के सुरक्षित क्षेत्र) के लिए पहले दी गई सभी रियायतों को फिलहाल वापस ले लिया गया है। सरकार मंगलवार से पहले स्थिति का पुनर्मूल्यांकन करेगी, जिसके बाद ही स्कूल खोलने पर कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा।

दक्षिणी शहर अरद और डिमोना में भारी तबाही

इमरजेंसी सेवाओं (मागेन डेविड एडोम) के अनुसार, दक्षिणी शहर अरद और डिमोना में ईरानी मिसाइलों ने काफी तबाही मचाई है। इन शहरों में हमलों के कारण भारी नुकसान हुआ है। अब तक हमलों में 88 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 10 लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जबकि 19 मध्यम और 55 लोग मामूली रूप से घायल हैं।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू का बयान, एक बहुत ही मुश्किल शाम

हमलों के तुरंत बाद प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने देश के नाम अपने संदेश में इसे एक कठिन समय बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर लिखा- हमारे भविष्य के लिए चल रहे इस अभियान में, आज की शाम बहुत ही कठिन है। मैंने सभी सरकारी मंत्रालयों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Also Read: UP Electricity Department: संविदा कर्मियों की छंटनी पर नियामक आयोग सख्त, 7 दिन में तलब की रिपोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.