Asia Cup की तर्ज पर ‘यूरो नेशंस कप’ की तैयारी, 2027 तक शुरू होने की उम्मीद

Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप की तरह ही अब यूरोप में भी एक बड़ा क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है।

इसे ‘यूरो नेशंस कप’ नाम दिया जाएगा, जिसमें इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, इटली और नीदरलैंड्स जैसी यूरोपीय टीमें हिस्सा ले सकती हैं। यह टूर्नामेंट पुरुष और महिला—दोनों कैटेगरी में आयोजित किया जाएगा।

क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस ने भरोसा जताया है कि यह टूर्नामेंट 2027 तक शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को आयरलैंड के 2026 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों की घोषणा के दौरान मैकनीस ने कहा कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं और बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

मैकनीस के मुताबिक, जैसे एशिया कप एशियाई क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका निभाता है, उसी तरह यूरो नेशंस कप यूरोपीय क्रिकेट को नई पहचान देगा।

उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को पिछले साल इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) के अधिकारियों के सामने भी रखा गया था। हालांकि, ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, हालिया चर्चाओं में ECB की सीधी भागीदारी नहीं रही है।

ब्रायन मैकनीस ने कहा, “मैं लंबे समय से अलग-अलग लोगों और संगठनों के साथ इस आइडिया पर चर्चा कर रहा हूं।

मुझे पूरा भरोसा है कि यह टूर्नामेंट जरूर होगा। उम्मीद है कि 2027 की गर्मियों में इसकी शुरुआत हो जाएगी। फॉर्मेट और अन्य जानकारियां समय आने पर साझा की जाएंगी।”

उन्होंने यह भी साफ किया कि टूर्नामेंट पुरुष और महिला दोनों वर्गों में होगा और आने वाले महीनों में इसका आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। ब्रॉडकास्टर्स की दिलचस्पी को लेकर उन्होंने कहा कि अभी इस पर बात करना जल्दबाजी होगी, लेकिन भविष्य में इसे लेकर सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं।

इस बीच, क्रिकेट आयरलैंड ने यूएई और नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन के साथ भी एक अहम समझौता किया है। इसके तहत आयरलैंड की पुरुष राष्ट्रीय टीम नियमित रूप से यूएई और नेपाल के साथ व्हाइट-बॉल सीरीज खेलेगी।

साथ ही 2026-27 से इंटरनेशनल लीग टी20 में हर फ्रेंचाइजी के लिए आयरलैंड के कम से कम एक खिलाड़ी को शामिल करना अनिवार्य होगा।

Also Read: प्रतापगढ़ के लाल का सात समंदर पार कमाल: ग्रीस के एथेंस में लहराया तिरंगा, दुर्गेश्वर सिंह ने जीता रजत पदक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.