Lucknow News: पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ‘नकाबजन बाबादीन’, बंद मकान में की थी लाखों की चोरी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गाजीपुर पुलिस टीम ने इंदिरा नगर सेक्टर-11 में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की है।

क्या था मामला?

बीती 12 मार्च को विजय शंकर शुक्ला निवासी इंदिरा नगर ने थाने में सूचना दी थी कि उनके बंद घर का ताला और अलमारी का लॉकर तोड़कर अज्ञात चोरों ने पुस्तैनी जेवरात और 50 हजार रुपये नगद पार कर दिए हैं। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की थी।

मुखबिर की सूचना पर मुंशीपुलिया से गिरफ्तारी

रविवार को गाजीपुर पुलिस टीम मुंशीपुलिया चौराहे पर गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि सेक्टर-11 में चोरी करने वाला संदिग्ध व्यक्ति सेक्टर-14 पावर हाउस के पास थैला लेकर खड़ा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और राकेश बाल्मीकि उर्फ बाबादीन (40 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके थैले से चोरी के सभी जेवरात बरामद हुए।

नशे के लिए की थी चोरी, नहीं मिल रहा था ‘खरीददार’

पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने करीब दो सप्ताह पहले सेक्टर-11 के एक बंद घर का ताला तोड़कर अलमारी साफ की थी। उसने बताया कि चोरी के समय उसे 50,000 रुपये नगद मिले थे, जिसमें से अधिकांश उसने नशे और खाने-पीने में उड़ा दिए। शातिर चोर ने यह भी खुलासा किया कि वह पिछले कई दिनों से जेवर बेचने की फिराक में था, लेकिन कोई भी चोरी का माल लेने को तैयार नहीं हो रहा था, जिसके चलते जेवर उसके पास ही रह गए।

बरामदगी का विवरण

  • नगदी: ₹14,500 नकद।
  • पीली धातु (सोना): 02 चैन, 01 मंगलसूत्र (तीन लॉकेट वाला), 05 अंगूठी, 02 जोड़ी टॉप्स, 01 जोड़ी झुमकी, 01 जोड़ी सुई-धागा।
  • सफेद धातु (चांदी): 03 जोड़ी पायल, 06 सिक्के, 25 अदद बिछिया।

अपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त राकेश बाल्मीकि उर्फ बाबादीन का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह थाना चिनहट से NDPS एक्ट (नशीले पदार्थों की तस्करी) के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में बढ़ोतरी कर उसे जेल भेज दिया है।

Also Read: अखिलेश यादव ने की मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान की शुरुआत, बोले- आधी आबादी के बिना विकास अधूरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.