ईरान का बड़ा दावा, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मार गिराया दुश्मन का F-15 फाइटर जेट, जारी किया वीडियो
Sandesh Wahak Digital Desk: मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) की जंग अब और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। ईरान ने दावा किया है कि उसने सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) के पास दुश्मन के एक F-15 फाइटर जेट को मिसाइल से मार गिराया है। ईरान का कहना है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों (Air Defense Systems) ने दक्षिणी तट पर मंडरा रहे इस लड़ाकू विमान को सतह-से-हवा में मार करने वाली मिसाइल से ध्वस्त कर दिया।
अमेरिका और इजरायल में खलबली
ईरानी सरकारी मीडिया IRIB और सैन्य सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई होर्मुज द्वीप के पास की गई। ईरान के ‘खातम अल-अंबिया’ एयर डिफेंस मुख्यालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “हमारी वायु रक्षा इकाई ने एक आक्रमणकारी दुश्मन F-15 विमान को इंटरसेप्ट किया और मिसाइल से सटीक निशाना साधते हुए उसे नष्ट कर दिया।” अपनी बात को पुख्ता करने के लिए ईरान ने एक वीडियो फुटेज भी जारी किया है, जिसमें मिसाइल लॉन्च और आसमान में विमान से टकराते हुए धमाका दिखाया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह विमान अमेरिका का था या इजरायल का, क्योंकि दोनों ही देशों के विमान इस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहे हैं।
🔥 🇮🇷 Iranian surface-to-air missiles destroy F-15 fighter jet near Hormuz Island pic.twitter.com/NwIVH9iZvG
— Sputnik (@SputnikInt) March 22, 2026
तेल मार्ग को लेकर आर-पार की जंग
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव अपने उच्चतम स्तर पर है। हाल ही में अमेरिकी सेना ने ईरानी मिसाइल साइटों को तबाह करने के लिए 5,000 पाउंड के ‘डीप पेनेट्रेटर’ (बंकर बस्टर) बमों का इस्तेमाल किया था, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री मार्ग को फिर से खोला जा सके। जवाब में ईरान ने खाड़ी में तेल के निर्यात और मालवाहक जहाजों पर हमले तेज कर दिए हैं। ईरान इससे पहले इजरायल के F-16 और अमेरिका के अत्याधुनिक F-35 विमानों को भी निशाना बनाने का दावा कर चुका है।
अमेरिका ने दावों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। अमेरिकी सेना ने इसे बेबुनियाद और झूठा प्रचार करार दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों में ईरान ने कई बार अमेरिकी विमानों को गिराने की बात कही है, लेकिन हर बार अमेरिका ने इससे इनकार किया है।
Also Read: Meerut News: डॉक्टर ने क्लीनिक को बनाया अय्याशी का अड्डा, 400 रुपये में देता था केबिन

