PSL 2026: दर्शकों की नो एंट्री, खाली स्टेडियम में होंगे मुकाबले, PCB का बड़ा फैसला

Sandesh Wahak Digital Desk: 26 मार्च से शुरू होने जा रहे Pakistan Super League (PSL) 2026 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है।

मौजूदा हालात को देखते हुए PSL के इस सीजन के सभी मुकाबले बंद दरवाजों के पीछे, यानी बिना दर्शकों के खेले जाएंगे। इसका मतलब है कि फैंस को स्टेडियम में एंट्री नहीं मिलेगी और मैच पूरी तरह खाली स्टेडियम में आयोजित होंगे।

इसके साथ ही PCB ने यह भी तय किया है कि PSL 2026 के सभी मैच केवल दो शहरों—Lahore और Karachi—में ही कराए जाएंगे। टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह, जो लाहौर में प्रस्तावित था, उसे भी रद्द कर दिया गया है।

PCB के मुताबिक, ईरान-इजराइल युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में बने अस्थिर हालात, तेल संकट और सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

PSL 2026

खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पैदा हुई स्थिति के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर पाकिस्तान पर भी पड़ा है।

हालात सुधरे तो बदल सकता है फैसला

PCB चेयरमैन Mohsin Naqvi ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में हालात सामान्य होते हैं, तो टूर्नामेंट के बाद के मुकाबलों में दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह क्षेत्रीय हालात और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।

जनता से संयम बरतने की अपील

मोहसिन नकवी ने बताया कि मौजूदा ईंधन संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री की ओर से जनता से आवाजाही सीमित रखने की अपील की गई है।

इसके तहत स्कूल बंद किए गए हैं, वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है और ईद की छुट्टियां बढ़ाई गई हैं। ऐसे में रोजाना हजारों लोगों को स्टेडियम में इकट्ठा होने देना व्यावहारिक नहीं था।

ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द

PCB चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियों के साथ विस्तृत बैठक के बाद यह तय किया गया है कि PSL अपने तय शेड्यूल के अनुसार तो चलेगा, लेकिन जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने इसे “मुश्किल लेकिन जरूरी फैसला” बताया।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या हालात में जल्द सुधार होगा और PSL 2026 के अगले चरण में फैंस को फिर से स्टेडियम लौटने का मौका मिल पाएगा या नहीं।

Also Read: टीम इंडिया की मेजबानी को बेताब बांग्लादेश, दांव पर वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.