Lucknow News: मायावती बोलीं- ‘चुनावी लालच’ से बचें बहुजन समाज, वरना 5 साल तक देखने पड़ेंगे ‘बुरे दिन’

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्य कार्यालय में उन्होंने मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक की। इस दौरान उन्होंने न केवल संगठन की प्रगति की समीक्षा की, बल्कि विरोधियों के ‘चुनावी वादों’ को लेकर अपने समर्थकों को कड़ा आगाह भी किया।

“लालच में न फंसे बहुजन समाज”

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मायावती ने दोटूक शब्दों में कहा कि चुनाव से ठीक पहले विपक्षी पार्टियां जनता को लुभाने के लिए तमाम तरह के प्रलोभन और लालच देती हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “बहुजन समाज को अपनी अस्मिता और सत्ता में भागीदारी के लिए एकजुट होना होगा। अगर आप चुनाव से पहले दिए जाने वाले इन लालच और प्रलोभनों में फंसे, तो आने वाले पांच साल आपके लिए ‘बुरे दिन’ साबित होंगे। वोट की ताकत को पहचानें और मिशन से डिगें नहीं।”

यूपी मॉडल की दिलाई याद: “कानून द्वारा कानून का राज”

बसपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में अपने चार बार के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा ने हमेशा सर्वसमाज के जान, माल और मजहब की सुरक्षा की संवैधानिक गारंटी दी है। उन्होंने दावा किया कि देश की किसी भी अन्य पार्टी की सरकार में वैसा ‘कानून का राज’ देखने को नहीं मिलता, जैसा बसपा के कार्यकाल में था।

कांशीराम जयंती पर आभार, अंबेडकर जयंती का आह्वान

मायावती ने 15 मार्च को बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की जयंती को देशभर में धूमधाम से मनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने आगामी 15 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को ‘मिशनरी उद्देश्यों’ के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर कैडर को मजबूत किया जाए।

तीन राज्यों की रणनीति पर मंथन

बैठक में मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई। मायावती ने इन राज्यों के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे गठबंधन की राजनीति के बजाय अपने संगठन को जमीनी स्तर पर इतना मजबूत करें कि सत्ता की चाबी उनके पास रहे।

Also Read: यूपी में महिला सशक्तिकरण अब नारा नहीं, जमीनी हकीकत है: बेबी रानी मौर्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.