UP News: ड्रग्स नेटवर्क पर ANTF का बड़ा प्रहार, गाजियाबाद-दिल्ली के 3 तस्कर गिरफ्तार, अफीम बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ‘एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स’ (ANTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ANTF मेरठ यूनिट और गाजियाबाद की लिंक रोड थाना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 किलो 200 ग्राम अफीम और 156 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 लाख रुपये आंकी गई है।
कौशाम्बी बस अड्डे के पीछे बिछाया गया जाल
एएनटीएफ मुख्यालय के निर्देशों पर मेरठ यूनिट लगातार सक्रिय तस्करों पर नजर रख रही थी। शनिवार (21 मार्च) को सटीक सूचना के आधार पर टीम ने गाजियाबाद के कौशाम्बी बस अड्डे के पीछे खाली मैदान में घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने गुलजार त्यागी, आमिर खान और शाहिल को एक टीवीएस स्कूटी के साथ हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
दिल्ली की ‘लेडी डॉन’ से जुड़े हैं तार
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे आपस में पैसे मिलाकर दिल्ली की रहने वाली एक महिला सप्लायर से स्मैक और अफीम खरीदते हैं। इस माल की सप्लाई दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में छोटे स्तर पर की जाती है। मुनाफे की रकम को तीनों आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस अब दिल्ली की उस महिला सप्लायर की तलाश में जुट गई है जो इस सिंडिकेट की मुख्य कड़ी मानी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
गुलजार त्यागी: निवासी महाराजपुर, थाना लिंक रोड, गाजियाबाद।
आमिर खान: निवासी महाराजपुर, थाना लिंक रोड, गाजियाबाद।
शाहिल: निवासी नन्दनगरी, दिल्ली।
बरामदगी
नशीला पदार्थ: 3.200 किग्रा अफीम एवं 156 ग्राम स्मैक (कीमत ₹48 लाख)।
वाहन: 01 टीवीएस स्कूटी (तस्करी में प्रयुक्त)।
अन्य: 03 मोबाइल फोन और ₹2,500 नगद।
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ थाना लिंक रोड पर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है।
Also Read: Pratapgarh News: शिक्षिका से चेन छीनने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, सिपाही घायल

