ओपी राजभर ने राहुल गांधी पर कसा तंज, बोले- अखिलेश को सता रही सिर्फ वोट की चिंता

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के सफल 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने पंचायती राज मंत्री और सुभासपा (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर आज सुल्तानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जहाँ एक ओर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष, खासकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में तमाम जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों की मौजूदगी रही।

ईरान-इजरायल युद्ध पर राजभर बोले- पीएम मोदी सक्षम हैं

ईरान के राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युद्ध रोकने की अपील पर राजभर ने गर्व से कहा, पीएम मोदी जब भी दुनिया के किसी भी मंच पर जाते हैं, तो गर्व से कहते हैं कि हम बुद्ध की धरती से आए हैं और शांति का संदेश लाए हैं। दो देशों की लड़ाई से पूरी दुनिया का नुकसान होता है। पीएम मोदी युद्ध विराम कराने में पूरी तरह सक्षम हैं और वे इसके लिए प्रयास जरूर करेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अपने ही मंत्री पर एफआईआर दर्ज कराने के सवाल पर राजभर ने बेबाकी से कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में भी हमारी सरकार का यही नियम है। यहाँ भी अगर कोई मंत्री, सांसद या विधायक गलत काम करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

गंगा नदी में इफ्तार पार्टी और अखिलेश यादव के बयानों पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा, सपा सरकार में तो पैसे पर काम होता था। आपने कभी नहीं सुना होगा कि गंगा नदी के बीच में रोजा इफ्तार हुआ हो। कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश कानून से चल रहा है। अखिलेश जी को उन लोगों की चिंता नहीं है जो नाव पर बैठकर बिरयानी खा रहे हैं, उन्हें तो बस अपने वोट बैंक की चिंता सता रही है।

राहुल गांधी को दी चुनौती, 60 साल तक आपने क्या किया

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा, राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत और हमारे चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करते हैं। अगर उन्हें लगता है कि चुनाव आयोग गड़बड़ कर रहा है, तो उन्हें अपनी सीट से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आगे सवाल किया, राहुल जी कहते हैं कि पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय हुआ, लेकिन 60 साल तक आपकी सरकार थी, तब आपने उनके लिए क्या किया? हम तो सिर्फ 9 साल से हैं, जवाब आपको देना चाहिए।

Also Read: UP News: ड्रग्स नेटवर्क पर ANTF का बड़ा प्रहार, गाजियाबाद-दिल्ली के 3 तस्कर गिरफ्तार, अफीम बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.