केसी त्यागी ने थामा जयंत चौधरी का हाथ, बोले- JDU और RLD में कोई फर्क नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजनीति के दिग्गज समाजवादी चेहरा और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के संस्थापक सदस्य रहे केसी त्यागी ने रविवार को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का दामन थाम लिया। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आरएलडी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। त्यागी का यह कदम उत्तर प्रदेश और हरियाणा की बेल्ट में आरएलडी के लिए एक बड़ी मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
“लोक दल से शुरू हुआ था सफर, अब उसी स्वरूप में वापसी”
सदस्यता ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में केसी त्यागी भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी इस नई पारी को ‘घरवापसी’ करार देते हुए कहा “मैंने अपना राजनीतिक जीवन ही लोक दल से शुरू किया था। आरएलडी उसी विचारधारा का स्वरूप है, इसमें मेरे लिए कुछ भी नया नहीं है। चौधरी चरण सिंह जी का जो सपना अधूरा रह गया था, उसे पूरा करने में अब मैं जयंत चौधरी की मदद करूँगा।”
नीतीश और जयंत में कोई अंतर नहीं: त्यागी
केसी त्यागी ने जेडीयू और आरएलडी के बीच समानता बताते हुए कहा कि दोनों दलों की विचारधारा और जड़ें एक ही हैं। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय ऐसा भी था जब नीतीश कुमार और चौधरी चरण सिंह एक साझा पार्टी बनाने की योजना पर काम कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेडीयू छोड़ने के पीछे सीएम नीतीश कुमार से कोई निजी मनमुटाव नहीं है, बल्कि यह समय की मांग और अपनी राजनीतिक जड़ों की ओर लौटने का फैसला है।
17 मार्च को छोड़ा था जेडीयू का साथ
बता दें कि केसी त्यागी ने बीते 17 मार्च 2026 को जेडीयू के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आरएलडी का रुख कर सकते हैं।
जयंत चौधरी ने जताया भरोसा
पार्टी में उनका स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि केसी त्यागी जैसे अनुभवी नेता के आने से आरएलडी को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई दिशा और बौद्धिक मजबूती मिलेगी। त्यागी का अनुभव पार्टी के विस्तार में मील का पत्थर साबित होगा।
Also Read: ओपी राजभर ने राहुल गांधी पर कसा तंज, बोले- अखिलेश को सता रही सिर्फ वोट की चिंता

