LPG Crisis Update: अब 12 सिलेंडर के बाद गैस बुकिंग के लिए करना होगा ये काम, जानिए 4 अहम सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी को रोकने के लिए एक बेहद सख्त और नई प्रक्रिया शुरू की है। अब सालाना कोटे (12 सिलेंडर) से अधिक रिफिल की बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के बजाय सीधे मोबाइल ऐप के जरिए अपनी जरूरत का ठोस कारण बताना होगा।
क्या है नया नियम?
बीपीसीएल के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने एक वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) में अपने निर्धारित कोटे के 12 सिलेंडर बुक कर लिए हैं, उनकी अगली बुकिंग तब तक नहीं होगी जब तक वे ‘हेलो बीपीसीएल’ (Hello BPCL) ऐप पर जाकर पूछे गए सवालों के जवाब नहीं देंगे।
एप पर पूछे जाएंगे ये अनिवार्य सवाल
अतिरिक्त सिलेंडर की मांग करने पर उपभोक्ताओं को ऐप में निम्नलिखित जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
- सदस्यों की संख्या: क्या परिवार में 6 या उससे अधिक सदस्य हैं?
- अतिथि विवरण: क्या घर में मेहमान आए हुए हैं? (संख्या और अवधि)।
- विशेष आयोजन: क्या घर में शादी, मुंडन, भंडारा या कोई अन्य सामाजिक कार्यक्रम है?
- अन्य उपयोग: क्या गैस का उपयोग किसी अन्य वैध घरेलू कार्य के लिए किया जा रहा है?
अचानक लागू हुए नियम से उपभोक्ता परेशान
यह नियम रविवार से अचानक लागू कर दिया गया, जिसकी पूर्व सूचना गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को नहीं थी। मोबाइल से बुकिंग फेल होने पर जब लोग गैस एजेंसी पहुंचे, तो वहां के स्टाफ को भी इसकी जानकारी नहीं थी। बाद में कंपनी के उच्चाधिकारियों से संपर्क करने पर नई प्रक्रिया स्पष्ट हुई।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों और बुजुर्ग उपभोक्ताओं के लिए यह नियम चुनौतीपूर्ण है। स्मार्टफोन और ऐप की अनिवार्यता के कारण कीपैड फोन चलाने वाले उपभोक्ताओं को अब एजेंसी के चक्कर काटने पड़ेंगे।
क्यों लिया गया यह फैसला?
एलपीजी सिलेंडरों की मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर को कम करने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग (Commercial Use) को रोकने के लिए कंपनी ने यह डिजिटल स्क्रीनिंग प्रक्रिया अपनाई है।
Also Read: Siddharthnagar News: नवरात्रि और ईद पर ‘मिठास’, महिला थाने ने टूटने से बचाए 14 परिवार!

