IPL की ओर रुख करने वालों पर गिरेगी गाज, PSL छोड़ने वालों को PCB का अल्टीमेटम

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत से पहले Pakistan Cricket Board (PCB) एक बार फिर मुश्किलों में घिर गया है।

विदेशी खिलाड़ियों के PSL छोड़कर IPL का रुख करने के मामलों पर अब PCB ने सख्त रुख अपना लिया है।

बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने साफ चेतावनी दी है कि जो खिलाड़ी आखिरी समय में PSL से नाम वापस लेकर Indian Premier League (IPL) में शामिल होंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

ताजा मामला श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका से जुड़ा है। शनाका अब लाहौर कलंदर्स का हिस्सा नहीं रहेंगे और IPL में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने जा रहे हैं।

उन्हें चोटिल सैम करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले शनाका 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए भी IPL खेल चुके हैं।

PCB क्यों है नाराज?

PCB की नाराजगी सिर्फ एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं है। हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा मामला है जब किसी खिलाड़ी ने PSL छोड़कर IPL को प्राथमिकता दी।

इससे पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड से करार तोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स जॉइन कर लिया था। ऐसे फैसलों से PSL शुरू होने से ठीक पहले टीमों की तैयारियों पर असर पड़ रहा है।

मोहसिन नकवी ने याद दिलाया कि पिछले साल भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब कॉर्बिन बॉश पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था।

बॉश ने पहले PSL टीम से करार किया था, लेकिन बाद में मुंबई इंडियंस के लिए IPL खेलने चले गए थे। नकवी के संकेत साफ हैं कि PCB इस बार भी उसी तरह की सख्ती दिखा सकता है।

PSL–IPL टकराव फिर चर्चा में

यह लगातार दूसरा साल है जब PSL और IPL की तारीखें टकरा रही हैं। PSL 26 मार्च से शुरू हो रही है, जबकि IPL का आगाज 28 मार्च से होगा।

ऐसे में कई विदेशी खिलाड़ी दो लीगों के बीच फंस जाते हैं और अक्सर आर्थिक फायदे व बड़े मंच के चलते IPL को प्राथमिकता देते हैं।

हालांकि, नकवी ने कहा कि तारीखों का टकराव उनकी सबसे बड़ी चिंता नहीं है। उनका कहना है कि अगर कुछ खिलाड़ी IPL की ओर जा रहे हैं, तो कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी PSL में भी आ रहे हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे साल के कैलेंडर में PSL को आगे खिसकाने का कोई दूसरा व्यावहारिक विकल्प नहीं था।

PCB के सामने बड़ी चुनौती

दासुन शनाका और ब्लेसिंग मुजरबानी के अलावा कुछ अन्य विदेशी खिलाड़ियों के PSL से हटने की खबरें भी सामने आई हैं।

भले ही कई खिलाड़ी निजी कारणों का हवाला दे रहे हों, लेकिन लगातार हो रहे बदलावों ने लीग की साख और तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ऐसे में PCB के लिए चुनौती सिर्फ टूर्नामेंट का आयोजन नहीं, बल्कि पाकिस्तान सुपर लीग की विश्वसनीयता और मजबूती बनाए रखना भी है।

Also Read: PSL 2026: दर्शकों की नो एंट्री, खाली स्टेडियम में होंगे मुकाबले, PCB का बड़ा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.