Moradabad News: बेकाबू कार ने मचाया तांडव, 12 लोगों को रौंदा

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी। मुरादाबाद-संभल मार्ग पर मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम जटपुरा में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे चल रहे राहगीरों और बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज रफ्तार वाहन ने हाईवे पर कहर बरपाया और चंद सेकंड में कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्यूशन जा रही एक मासूम बच्ची समेत कई लोग लहूलुहान हो गए।

वहीं घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो के आधार पर यह भी सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई।

हादसे के बाद चालक फरार

हादसे को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मुरादाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद लोग हैरान हैं, क्योंकि कुछ ही सेकंड में बेकाबू वाहन ने कई जिंदगियों को खतरे में डाल दिया। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही इसकी वजह बनी। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।

 

Also Read: राजस्थान इंटेलिजेंस का बड़ा खुलासा, Pak Spy Network से जुड़ा एक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.