सहारनपुर में ‘खाकी’ के सामने खूनी खेल, मेडिकल कराने आई युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लगी 3 गोलियां

सहारनपुर। जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ बदमाशों ने पुलिस अभिरक्षा में एक युवती को गोलियों से भून दिया। वारदात उस समय हुई जब पुलिस टीम युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे वापस ले जाने की तैयारी कर रही थी। ताबड़तोड़ फायरिंग से अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई, जबकि हमलावर पुलिस की आंखों के सामने फरार होने में सफल रहे।

कार के शीशे से सटाकर दागीं गोलियां

घटना छुटमलपुर क्षेत्र के फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस एक युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लाई थी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक निजी कार में उप-निरीक्षक (SI) और महिला सिपाही युवती के साथ बैठे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और कार के शीशे से सटाकर युवती के सिर में एक के बाद एक तीन गोलियां मार दीं।

प्रेम-प्रसंग और बरामदगी से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि उक्त युवती कुछ दिन पहले एक युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया था और विधिक कार्यवाही के तहत उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाना था। आशंका जताई जा रही है कि रंजिश या ‘ऑनर किलिंग’ के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल

पुलिस की मौजूदगी में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने महकमे में हड़कंप मचा दिया है। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। जिसके बाद पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्रीय जनता में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है कि आखिर पुलिस की सुरक्षा के बीच अपराधी इतने दुस्साहसी कैसे हो गए।

Also Read: Prayagraj News: अमोनिया टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज जमींदोज, 8 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.