Lucknow News: PGI पुलिस की झपटमार से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद शातिर ‘गंगाधर’ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद शातिर झपटमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। पकड़ा गया अभियुक्त शौक और ऐशो-आराम की पूर्ति के लिए राहगीरों से मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देता था।

वृंदावन योजना के पास हुई घेराबंदी

जानकारी के मुताबिक, 22 मार्च 2026 की रात भदुरुक् निवासी प्रीति सिंह से बाइक सवार बदमाश ने मोबाइल लूट लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीजीआई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सोमवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल अभियुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल से नहर पुलिया की ओर आने वाला है। बरौली पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान जब संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी।

जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ ‘गंगाधर’

पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर (निवासी किला मोहम्मदीनगर, आशियाना) घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अभियुक्त के पास से लूटा गया रियलमी मोबाइल, एक अन्य फोन, बिना नंबर की पल्सर बाइक, .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में अर्जुन उर्फ गंगाधर ने स्वीकार किया कि वह सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। उसने बताया कि वह महंगे शौक और विलासिता पूर्ण जीवन जीने के लिए लूट और छीना-झपटी करता था।

आधे दर्जन से अधिक केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, अर्जुन एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ लखनऊ के आलमबाग और आशियाना थानों में चोरी, सेंधमारी, गैंगस्टर एक्ट और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं में 7 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूर्व में बेचे गए सामानों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Also Read: ‘सिर्फ इतिहास के पन्नों में सिमट कर…’, सपा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.