भारत का ड्रग्स माफिया जसविंदर उर्फ जैज़ दुबई में गिरफ्तार, जारी हुआ था रेड कॉर्नर नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: दुबई में भारत के मोस्ट वांटेड ड्रग्स माफिया जसविंदर उर्फ जैज़ को गिरफ्तार (Jaswinder Jazz Arrest) कर लिया गया है। भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर इंटरपोल ने कार्रवाई करते हुए इस बड़े ड्रग्स सिंडिकेट के मास्टरमाइंड को धर दबोचा। जैज़ के खिलाफ पहले ही एनसीबी रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी थी, जिसके बाद से उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।
एजेंसियों की रडार पर था जैज़
सूत्रों के मुताबिक, जसविंदर उर्फ जैज़ को तीन दिन पहले एयरपोर्ट से निकलते समय हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे तीन दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। अब अगले कुछ दिनों में उसे भारत लाने की तैयारी चल रही है, जहां उससे पूछताछ कर बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
जसविंदर उर्फ जैज़ लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। वह भारत के बड़े ड्रग्स सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा था और लगातार एजेंसियों को चकमा देकर फरार हो जाता था। इसी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इंटरपोल से मदद मांगी थी, जिसके बाद उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।
CIA से जुड़े होने के दावे
शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि जसविंदर उर्फ जैज़ कथित तौर पर अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के लिए काम करता था। हालांकि इस दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि इन दावों में कितनी सच्चाई है।
जसविंदर उर्फ जैज़ मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है, लेकिन उसके पास ब्रिटिश नागरिकता भी है। वह फिलहाल दुबई में रह रहा था और वहीं से अपने ड्रग्स नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसे एयरपोर्ट जाते समय रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज
गिरफ्तारी के बाद अब एजेंसियां उससे गहन पूछताछ की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि जैज़ से पूछताछ के दौरान ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी सामने आने की संभावना है।

