दाढ़ी वाले लोगों को कभी भी बनाया जा सकता है निशाना: अबू आजमी
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी (Abu Azmi) एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। विधान भवन में दिए गए उनके ताजा बयान के बाद सियासत गरमा गई है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा हालात में मुसलमान सुरक्षित नहीं हैं और उनके लिए सामान्य जीवन जीना भी मुश्किल होता जा रहा है।
Abu Azmi ने सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
अबू आजमी (Abu Azmi) ने विधान भवन में कहा कि आज ऐसा माहौल बन चुका है, जिसमें यह कहना मुश्किल है कि कौन कब हमला कर दे। उन्होंने कहा कि दाढ़ी, कुर्ता-टोपी पहनकर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाया जा सकता है और इस डर के बीच मुस्लिम समुदाय के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना था कि राज्य के कई हिस्सों में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों को परेशान किया जा रहा है।
सपा विधायक ने अपने बयान में कहा कि सत्ता के लिए नफरत बढ़ाने की राजनीति का नतीजा आज महाराष्ट्र भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि मुसलमानों के लिए सड़कों पर चलना भी मुश्किल हो गया है। उनके मुताबिक यह स्थिति समाज के लिए चिंताजनक है और इसे तुरंत संभालने की जरूरत है।
CM से की सख्त कार्रवाई की मांग
अबू आजमी (Abu Azmi) ने अपने बयान में पुणे, अकोला और नांदेड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये घटनाएं बढ़ती नफरत को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इफ्तार कर रहे लोगों पर हमला, एक किशोर की हत्या और ईद के दिन संदिग्ध ब्लास्ट जैसी घटनाएं समाज को बांटने का काम कर रही हैं। उनके अनुसार ये घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की कि हेट क्राइम के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सहनशीलता धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब हो चुकी है, जिसे सुधारना बेहद जरूरी है।
धुरंधर 2 फिल्म को बताया था साजिश
इससे पहले भी अबू आजमी (Abu Azmi) अपने बयान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर कहा था कि यह एक साजिश है, जिसके जरिए मुसलमानों को बदनाम किया जा रहा है। उनका कहना था कि देश में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिन पर फिल्म बनाई जा सकती थी, लेकिन इस फिल्म के जरिए एक खास समुदाय को निशाना बनाया गया है।
Also Read: भारत का ड्रग्स माफिया जसविंदर उर्फ जैज़ दुबई में गिरफ्तार, जारी हुआ था रेड कॉर्नर नोटिस

