प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा में एक्शन में योगी सरकार, जिला उद्यान अधिकारी को किया गया सस्पेंड

Prayagraj News: फाफामऊ स्थित एक निजी कोल्ड स्टोरेज में हुए दर्दनाक हादसे के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में है। इस हादसे में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई मजदूर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह खुद प्रयागराज पहुंचे और मौके का मुआयना करने के बाद बड़ी कार्रवाई की।

हादसे वाली जगह का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने विभागीय सुस्ती और निगरानी में कमी पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दे दिया। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की जांच की जिम्मेदारी विभाग की थी, जिसमें बड़ी चूक हुई है।

घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार

निरीक्षण के बाद मंत्री सीधे बेली और स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल पहुंचे। यहाँ उन्होंने मलबे से सुरक्षित निकाले गए घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। घायलों का हाल जानते हुए मंत्री भावुक नजर आए और उन्होंने डॉक्टरों को कड़े निर्देश दिए कि इलाज में रत्ती भर भी कोताही न बरती जाए। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनके उपचार का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: दिनेश प्रताप सिंह

मीडिया से बात करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साफ निर्देश है कि किसी भी निर्दोष की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी का निलंबन तो सिर्फ शुरुआत है। इस मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और कोल्ड स्टोरेज के मालिक समेत जो भी अन्य अधिकारी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: नीतीश कुमार चौथी बार निर्विरोध चुने गए JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.