तलाक के 6 साल बाद चर्चा में बादशाह की दूसरी शादी! तस्वीरें आई सामने
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में उस वक्त हलचल मच गई, जब मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह की दूसरी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।
दावा किया जा रहा है कि बादशाह ने अपनी गर्लफ्रेंड, पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी से गुपचुप शादी कर ली है।
खास बात यह है कि ये तस्वीरें ईशा की मां पूनम द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा की गई हैं, जिसके बाद इस शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सामने आई तस्वीरों में बादशाह ब्राउन कुर्ता और गोल्डन साफा पहने दूल्हे के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि ईशा रिखी लाल सलवार-सूट में दुल्हन बनी दिखाई दे रही हैं।
कुछ तस्वीरों में दोनों वरमाला पहनाते हुए दिख रहे हैं, तो कुछ में मंडप के सामने बैठकर शादी की रस्में निभाते नजर आते हैं। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह समारोह बेहद निजी रखा गया।

न्यूली वेड कपल की तस्वीरें वायरल
शादी के बाद की कुछ तस्वीरों में ईशा मांग में सिंदूर लगाए बादशाह की बाहों में नजर आ रही हैं। वहीं, कुछ अन्य तस्वीरों में दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज देते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को लेकर फैंस लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
हालांकि, अब तक न तो बादशाह और न ही ईशा रिखी ने अपनी शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। ऐसे में इन वायरल तस्वीरों के बावजूद शादी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
चार साल से डेट कर रहे थे दोनों
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और ईशा रिखी पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी।
ईशा रिखी ने पंजाबी सिनेमा में जट्ट बॉयज़ पुत्त जट्टां दे से करियर की शुरुआत की थी और बाद में बॉलीवुड फिल्म नवाबज़ादे से हिंदी सिनेमा में कदम रखा।
2020 में हुआ था तलाक
गौरतलब है कि बादशाह का 2020 में अपनी पहली पत्नी जैस्मीन मसीह से तलाक हो गया था। दोनों अपनी बेटी जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह की को-पेरेंटिंग कर रहे हैं। बादशाह पहले भी बता चुके हैं कि उन्होंने बेटी की भलाई के लिए यह फैसला लिया था।
फिलहाल, वायरल तस्वीरों ने बादशाह की निजी जिंदगी को फिर से सुर्खियों में ला दिया है, लेकिन उनकी दूसरी शादी पर अंतिम मुहर आधिकारिक बयान के बाद ही लगेगी।
Also Read: Tumbbad 2 Update: सीक्वल को भव्य बनाने की तैयारी, मुंबई में बन रहा 7 एकड़ का शहर

