स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, जानें अब हर ऑर्डर पर देने होंगे कितने रुपये

Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप भी ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए है। प्रमुख फूड डिलीवरी दिग्गज स्विगी (Swiggy) ने अपने प्लेटफॉर्म फीस में करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। अब ग्राहकों को प्रति ऑर्डर 17.58 रुपये (GST सहित) प्लेटफॉर्म फीस के रूप में चुकाने होंगे, जो पहले 14.99 रुपये थी।

कंपनी का कहना है कि यह 2.59 रुपये की मामूली बढ़ोतरी प्लेटफॉर्म के बेहतर संचालन और रखरखाव के खर्चों को पूरा करने के लिए की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त 2025 में भी स्विगी ने इस फीस को 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये के करीब किया था।

जोमैटो भी पीछे नहीं

अकेले स्विगी ही नहीं, उसकी प्रतिद्वंदी कंपनी जोमैटो (Zomato) ने भी हाल ही में अपनी प्लेटफॉर्म फीस में लगभग 19.2 प्रतिशत का इजाफा किया था। जोमैटो की फीस भी अब जीएसटी मिलाकर 17.58 रुपये प्रति ऑर्डर तक पहुंच गई है। दोनों ही कंपनियां धीरे-धीरे अपनी लागत निकालने के लिए इस शुल्क को बढ़ा रही हैं।

LPG की कीमतें और प्लेटफॉर्म फीस

ग्राहकों और रेस्तरां मालिकों पर यह बोझ ऐसे समय में पड़ा है जब हाल ही में एलपीजी (LPG) की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। गैस महंगी होने से पहले ही रेस्तरां की लागत बढ़ गई थी, और अब प्लेटफॉर्म फीस बढ़ने से ऑनलाइन खाना मंगाना और भी खर्चीला हो गया है।

आज भले ही स्विगी के शेयरों में दोपहर तक 2.55 प्रतिशत की तेजी देखी गई और यह 279.55 रुपये पर कारोबार कर रहा था, लेकिन लंबी अवधि में निवेशकों के लिए स्थिति चिंताजनक है। पिछले छह महीनों में स्विगी के शेयर 36 प्रतिशत से भी ज्यादा टूट चुके हैं, जबकि पिछले एक महीने में इसमें 10 प्रतिशत की गिरावट आई है।

Also Read: राज्यसभा में बोले पीएम मोदी, युद्ध से पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट, पर भारत अपने नागरिकों की रक्षा के लिए मुस्तैद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.