यूपी में निवेश की ‘डिजिटल क्रांति’, सीएम योगी ने लॉन्च किया AI आधारित ‘निवेश मित्र 3.0’

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी के लोक भवन में उत्तर प्रदेश को 10 खरब डॉलर (1 Trillion Economy) की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। सीएम ने ‘निवेश मित्र 3.0’ पोर्टल का शुभारंभ किया, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित उन्नत सिंगल विंडो सिस्टम है। इसके साथ ही ‘यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025’ की भी शुरुआत की गई, जिससे प्रदेश में उद्योगों की स्थापना और भी सरल हो जाएगी।

निवेशकों को बड़ी सौगात: 2,781 करोड़ की सब्सिडी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों की 85 बड़ी कंपनियों को प्रोत्साहन दिया।

वित्तीय लाभ: कंपनियों को ‘लेटर्स ऑफ कम्फर्ट’, ‘एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट’ और कुल 2,781.12 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई।

प्लग-एंड-प्ले सुविधा: PPP मॉडल पर आधारित इंडस्ट्रियल शेड्स योजना शुरू हुई, जिससे निवेशक जमीन मिलते ही तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगे।

कौशल विकास: ‘इन्वेस्ट यूपी’ ने स्किल कनेक्ट सेल और एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट के लिए दो प्रमुख संस्थाओं के साथ एमओयू (MoU) साइन किए।

“2017 से पहले यूपी के नाम पर हंसते थे निवेशक”

अपने संबोधन में सीएम योगी ने पुरानी सरकारों और कानून-व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा 2017 में जब हम निवेश की बात करते थे, तो निवेशक हंसते थे। माफियाओं का इतना प्रभाव था कि हर जिले में एक समानांतर सरकार चलती थी। लेकिन हमारी जीरो टॉलरेंस नीति ने तस्वीर बदल दी है। अब माफिया कोई भी हो, अगर उसने दुस्साहस किया तो उसका यमराज के यहां का टिकट सीधे कट रहा है।”

एविएशन सेक्टर में ऊंची उड़ान: 16 एयरपोर्ट और जेवर का आगाज़

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बदलती कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि कभी यूपी में सिर्फ ‘ढाई’ एयरपोर्ट थे, लेकिन आज 16 डोमेस्टिक और 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्रियाशील हैं।

जेवर एयरपोर्ट: भारत के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

MRO सुविधा: जेवर में देश की पहली ‘एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग’ (MRO) सुविधा शुरू होगी, जिससे विमानों की मरम्मत के लिए विदेश नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: ‘खोई हुई उम्मीद और कीमती यादें लौटीं’, लखनऊ GRP ने 287 लोगों को सौंपे उनके गुमशुदा मोबाइल, खिले हजारों चेहरे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.