Lalitpur News: महिला सहकर्मी को निपटा देने की धमकी देने वाला हेड कांस्टेबल बर्खास्त

Lalitpur News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने विभाग के भीतर मौजूद काली भेड़ों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को ललितपुर पुलिस विभाग ने एक कड़ा फैसला लेते हुए मुख्य आरक्षी जितेंद्र यादव को सेवा से बर्खास्त (डिसमिस) कर दिया। आरोपी पर अपनी ही महिला सहकर्मी का मानसिक उत्पीड़न करने और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जितेंद्र यादव काफी समय से एक महिला पुलिसकर्मी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान कर रहा था। वह न केवल उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, बल्कि उसे निपटा देने जैसी गंभीर धमकियां भी देता था। इस व्यवहार से महिला कर्मी गहरे तनाव में थी, जिसके बाद मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया।

छुट्टी के नाम पर वसूली और अफवाहों का खेल

जांच में जितेंद्र यादव के काले कारनामों की एक और परत खुली। पता चला कि वह विभाग में छुट्टी (Leave) से जुड़ी फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले अन्य पुलिसकर्मियों से अवैध धन यानी रिश्वत की मांग करता था। इतना ही नहीं, वह विभाग के भीतर अनर्गल अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने और पुलिस की छवि खराब करने का भी काम कर रहा था।

झांसी ASP की जांच में दोषी पाए जाने पर गिरी गाज

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच झांसी के अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई थी। विस्तृत जांच रिपोर्ट में जितेंद्र यादव पर लगे सभी आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट मिलते ही विभाग ने सख्त रुख अपनाया और मंगलवार को उसे उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

Also Read: लालू यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका, लैंड फॉर जॉब केस रद्द करने की याचिका खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.