‘योगी न होते तो मैं मर जाती’, पूजा पाल का अखिलेश पर हमला, अतीक अहमद को बताया सपा का फाइनेंसर

Sandesh Wahak Digital Desk: चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। फिल्म ‘धुरंधर 2’ के बहाने अतीक अहमद के अंत और सपा के रिश्तों पर बात करते हुए पूजा पाल ने सनसनीखेज आरोप लगाया कि अगर आज उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार होती, तो वह जीवित न होतीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर’ बताते हुए अपनी सुरक्षा का श्रेय उन्हें दिया।

‘योगी हैं असली धुरंधर, सपा के संरक्षण में पला अतीक’

मंगलवार को पत्रकारों से मुखातिब पूजा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं के साम्राज्य को मिट्टी में मिलाकर प्रदेश को भयमुक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी का सबसे बड़ा फाइनेंसर था, इसीलिए उसकी मौत से अखिलेश यादव आज भी असंतुष्ट और दुखी हैं। सपा के संरक्षण में रहकर अतीक ने नकली नोटों और नशे के कारोबार के जरिए देश की सुरक्षा को दीमक की तरह खोखला किया।

रामगोपाल यादव के बयान पर पलटवार

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सपा नेता रामगोपाल यादव के कथित बयान “जिसने अतीक को मारा है वह बचेगा नहीं”  पर पूजा पाल ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि शब्द भले ही रामगोपाल यादव के हों, लेकिन इसके पीछे की सोच और विचार पूरी तरह अखिलेश यादव के हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव तो अतीक की कब्र पर फातिहा पढ़ने तक पहुंच जाते हैं, जो अपराधियों के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।

‘मेरे पति का हत्यारा था अतीक’

पूजा पाल ने भावुक होते हुए कहा कि अतीक अहमद ने न केवल उनके पति राजू पाल की हत्या की, बल्कि हजारों परिवारों की जिंदगी तबाह कर दी। उन्होंने कहा, “जब मैंने अतीक के गैंग के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया, तो मुझे पार्टी से निकाल दिया गया। आज अगर मैं जिंदा हूँ और सुरक्षित महसूस कर रही हूँ, तो इसका एकमात्र कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ‘जीरो टॉलरेंस’ मॉडल है।”

Also Read: यूपी में लोकसभा सीटें बढ़ने की सुगबुगाहट, अखिलेश यादव ने चला ‘कोटा के भीतर कोटा’ वाला दांव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.