लखनऊ में धरे गए मुंबई के ड्रग माफिया, नेपाल भागने की फिराक में थे तस्कर

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से दो अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी मुंबई के रिहायशी इलाकों, पबों और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए महाराष्ट्र पुलिस की ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में शामिल थे।

चारबाग टेम्पो स्टैंड से हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भावेश चौहान उर्फ लालू और शोएब अशरफ पठान उर्फ बटला के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी मुंबई के नाला सोपारा इलाके के रहने वाले हैं। सोमवार शाम करीब 6:00 बजे जब ये दोनों चारबाग रेलवे स्टेशन के टेम्पो स्टैंड के पास कहीं भागने की फिराक में खड़े थे, तभी एसटीएफ की टीम ने इन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे पिछले 4-5 सालों से ड्रग्स के काले कारोबार में शामिल हैं। वे बाजार में मिलने वाले रसायनों (Chemicals) का इस्तेमाल कर ‘ब्राउन शुगर’ तैयार करते थे और उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। 5 फरवरी 2026 को मुंबई के वसई-विरार इलाके में उनका माल पकड़े जाने के बाद से ही वे फरार थे। वे लखनऊ के रास्ते सीमा पार कर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन एसटीएफ की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

अपराधों की लंबी फेहरिस्त

पकड़े गए आरोपियों में से भावेश चौहान उर्फ लालू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुंबई के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (307), मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 8 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।

महाराष्ट्र के नायगाव थाने की पुलिस टीम लखनऊ पहुंची थी और एसटीएफ से सहयोग मांगा था। एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के निर्देशन में उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी और उनकी टीम ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Also Read: ‘योगी न होते तो मैं मर जाती’, पूजा पाल का अखिलेश पर हमला, अतीक अहमद को बताया सपा का फाइनेंसर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.