BCCI का सख्त फैसला, इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी पर IPL से 2 साल का बैन

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 से पहले BCCI का सख्त एक्शन सामने आया है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज बेन डकेट को इंडियन प्रीमियर लीग से दो साल के लिए बैन कर दिया गया है।

यह कार्रवाई सीजन शुरू होने से पहले टूर्नामेंट से नाम वापस लेने के नियमों के तहत की गई है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा तय किए गए नियमों के मुताबिक, अगर कोई विदेशी खिलाड़ी ऑक्शन में चुने जाने के बाद सीजन से पहले अपना नाम वापस लेता है, तो उस पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाता है। इसी नियम के तहत इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट को IPL से बैन झेलना पड़ेगा।

आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट को 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह टीम के लिए ओपनिंग करते हुए केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत कर सकते थे।

Ben Duckett

हालांकि, डकेट ने सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि वह आईपीएल 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे।

अपने बयान में डकेट ने कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि इंग्लैंड के लिए खेलना उनका बचपन का सपना है और आगामी अंतरराष्ट्रीय सीजन से पहले वह मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट रहना चाहते हैं।

इसी वजह से उन्होंने आईपीएल से नाम वापस लेने का कठिन निर्णय लिया और दिल्ली कैपिटल्स व उसके प्रशंसकों से माफी भी मांगी।

गौरतलब है कि हाल ही में एशेज सीरीज में बेन डकेट का प्रदर्शन खास नहीं रहा था। उन्होंने 10 पारियों में सिर्फ 202 रन बनाए थे, उनका औसत 20.20 रहा।

बेन डकेट के बाहर होने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के पास ओपनिंग के कई विकल्प मौजूद हैं।

टीम के हेड कोच हेमंग बदानी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि केएल राहुल इस सीजन ओपनिंग करेंगे। उनके साथ अभिषेक पोरेल, पृथ्वी शॉ और पथुम निसांका जैसे बल्लेबाज टीम के पास उपलब्ध हैं।

अब यह साफ हो गया है कि बेन डकेट अगले दो साल तक न तो आईपीएल खेल पाएंगे और न ही ऑक्शन में हिस्सा ले सकेंगे।

Also Read: RCB Playing XI Update: यश दयाल के बाहर होने से बदलाव तय, जानिए किसे मिल सकता है मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.