सपा पर बरसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बोले- 2027 में पाल समाज करेगा सूपड़ा साफ
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में पाल समाज और राजू पाल हत्याकांड को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा विधायक पूजा पाल के ‘गुमराह’ होने वाले बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सपा शासन को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि माफियाओं को माननीय बनाने का पाप समाजवादी पार्टी ने ही किया है।
पंकज चौधरी के पलटवार के मुख्य बिंदु
पंकज चौधरी ने कहा कि पाल समाज के होनहार नेता राजू पाल की सरेआम हत्या करने वाले दरिंदों को सपा ने न केवल संरक्षण दिया, बल्कि उन्हें ‘सिर-आंखों’ पर बिठाकर राजनीति में स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि अपनी ही विधायक (पूजा पाल) के भाजपा में जाने पर उन्हें ‘गुमराह’ बताना न केवल उनका, बल्कि पूरे पाल समाज का अपमान है। सच्चाई यह है कि पूजा पाल स्वयं स्वीकार कर चुकी हैं कि सपा सरकार में वह सुरक्षित नहीं थीं।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सपा का मूल चरित्र हमेशा से माफिया, अपराध और परिवारवाद से जुड़ा रहा है। उनके शासनकाल में अपराधियों का मनोबल इतना ऊंचा था कि उत्तर प्रदेश की पहचान ‘जंगलराज’ बन गई थी।
चौधरी ने दावा किया कि पाल समाज अब किसी का पिछलग्गू नहीं है। वह अब तुष्टिकरण की राजनीति को पहचान चुका है और विकास व राष्ट्रवाद की मुख्यधारा के साथ जुड़ गया है।
2027 के लिए चुनावी शंखनाद
पंकज चौधरी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि पाल समाज अब निर्णायक भूमिका में है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर देगा। उन्होंने कहा कि जनता अब ‘भय और अपराध’ की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

