Kushinagar News: पडरौना में रामनवमी की धूम, ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंजी नगर की गलियां
अखाड़े के कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, विधायक विवेकानंद पांडेय और विनय प्रकाश गोंड ने भी बांटा प्रसाद
पडरौना (कुशीनगर)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर शुक्रवार को पडरौना नगर पूरी तरह राममय नजर आया। सुबह से ही मंदिरों में घंटा-घड़ियाल गूंजने लगे और शाम होते-होते शोभायात्रा व भंडारों ने उत्सव की रौनक दोगुनी कर दी। नगर के सुभाष चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने प्रसिद्ध बाल चिकित्सक डॉ. कमलेश कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. पल्लवी सिंह द्वारा आयोजित भव्य भंडारे ने श्रद्धा और सेवा की अनूठी मिसाल पेश की।
भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
डॉ. कमलेश वर्मा और डॉ. पल्लवी सिंह की देखरेख में आयोजित इस वार्षिक भंडारे में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर खिचड़ी, पूड़ी-सब्जी और मिठाई का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने स्वच्छता और सुव्यवस्थित आवागमन का विशेष ध्यान रखा।
खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय और रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर पुण्य लाभ कमाया।
अखाड़े के प्रदर्शन और शोभायात्रा का ‘भौकाल’
नगर की सड़कों पर लखराव मंदिर से जुड़े अखाड़े के कलाकारों ने शौर्य का प्रदर्शन किया। युवाओं की टोली ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए। डीजे की धुनों और ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी नारों के बीच युवाओं की टोली नृत्य करती हुई नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी। हर उम्र के श्रद्धालु इस शोभायात्रा का हिस्सा बने।
धार्मिक आयोजन से मजबूत होती है एकता
भंडारे में पहुंचे अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सचिन चौरसिया सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आयोजन की सराहना की। डॉ. कमलेश कुमार वर्मा ने बताया कि यह परंपरा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष जारी रखी जाएगी।
दिन भर चले इस उत्सव के दौरान पडरौना के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों के लिए जगह-जगह मेलों का आयोजन हुआ, जहाँ उन्होंने झूलों और खिलौनों का खूब आनंद लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी नगर के मुख्य चौराहों पर मुस्तैद रहा।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Lucknow News: फर्जी दस्तखत कर संस्था हड़पने वाला जालसाज गिरफ्तार, नोएडा से दबोचा गया आरोपी

