Agra Encounter: मासूम की हत्या करने वाला 25 हजारी इनामी ढेर, मुठभेड़ में दारोगा भी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: ताजनगरी के ताजगंज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सुनील का शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। जूता कारोबारी की 8 साल की बेटी की गला रेतकर हत्या करने वाला सुनील 24 मार्च से फरार था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की 10 टीमें लगी थीं।
सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, तो आरोपी सुनील ने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में सुनील को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक दारोगा और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। मृतक अपराधी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
वारदात के पीछे की खौफनाक वजह
पुलिस जांच में हत्या का जो कारण सामने आया, वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी सुनील पेशे से पेंटर था और पीड़ित परिवार के घर में ही किराए पर रहता था। 11 दिन पहले किराए के विवाद में बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था।
इसी अपमान का बदला लेने के लिए सुनील ने 24 मार्च को खेल रही मासूम बच्ची को अगवा किया और गला काटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बच्ची के शव को आटे के एक बड़े कनस्तर (डिब्बे) में डालकर ऊपर से आटा भर दिया था ताकि गंध न आए और किसी को शक न हो। 30 घंटे बाद पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर शव बरामद किया था।
इनामी अपराधी पर एक्शन
वारदात के बाद आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आगरा पुलिस की 10 टीमों ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से शनिवार सुबह उसे घेरा। आरोपी के मारे जाने के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।
Also Read: UP को मिलेगा 76वां जिला? आगरा के बाह-बटेश्वर को ‘अटल नगर’ बनाने की संसद में उठी मांग

