Ayodhya News: सरयू किनारे महायज्ञ के विशाल पंडाल में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या के माझा जमथरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरयू किनारे चल रहे एक महायज्ञ के भव्य पंडाल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते धुएं का गुबार आसमान छूने लगा और बांस-बल्लियों व घास-फूस से बना यज्ञ स्थल धू-धू कर जल उठा।

बताया जा रहा है कि माझा जमथरा में बाटी बाबा स्थान के पास जीयर स्वामी की ओर से इस महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया था। शुक्रवार को ही यज्ञ का मुख्य समापन हुआ था और आज अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारी चल रही थी। दोपहर बाद अचानक पंडाल के एक हिस्से से आग की लपटें उठीं और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। अचानक लगी इस आग से वहां मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों में भगदड़ मच गई।

फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम एक्शन में आ गई। मौके की नजाकत को देखते हुए जिला मुख्यालय और मेला ड्यूटी में तैनात फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मौके पर पहुंचे मंत्री और आला अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने राहत कार्य का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) एमपी सिंह ने जानकारी दी कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। सबसे अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति झुलसा नहीं है और न ही किसी जनहानि की सूचना है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Also Read: भक्ति के रंग में रंगा अलीगंज, गैनी में रावण दहन के बाद निकली भगवान राम की भव्य शोभायात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.