Baghpat News: कलेक्ट्रेट परिसर में बर्खास्त शिक्षक ने किया आत्मदाह का प्रयास, ऐसे बची जान

Sandesh Wahak Digital Desk: बागपत जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बर्खास्त शिक्षक ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। अपनी बहाली की मांग को लेकर अड़े शिक्षक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाल लिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों की तत्परता और जांबाजी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने समय रहते शिक्षक के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

उत्पीड़न और बर्खास्तगी का आरोप

जानकारी के अनुसार, आत्मदाह का प्रयास करने वाले शिक्षक की पहचान मुकेश शर्मा के रूप में हुई है। मुकेश शर्मा बागपत के खेला गांव स्थित ‘हजारीलाल मेमोरियल कॉलेज’ में कार्यरत थे, जहां से उन्हें हाल ही में बर्खास्त कर दिया गया था। शिक्षक का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उनका मानसिक और पेशेवर उत्पीड़न किया और बिना किसी ठोस कारण के उन्हें सेवा से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसी न्याय की गुहार लेकर वे पिछले कई दिनों से कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे थे।

पुलिस की सक्रियता से टला हादसा

शनिवार दोपहर धरना देते समय मुकेश शर्मा अचानक उग्र हो गए और जेब से पेट्रोल की बोतल निकालकर खुद पर उड़ेलने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने बिना वक्त गंवाए मुकेश को दबोच लिया। पेट्रोल की बोतल जब्त कर उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रशासनिक जांच के आदेश

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शिक्षक को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉलेज प्रबंधन और शिक्षक, दोनों पक्षों को बुलाकर तथ्यों की जांच की जाएगी ताकि न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके। फिलहाल कलेक्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Also Read: Siddharthnagar News: GitHub Copilot कार्यशाला से 150 छात्रों ने सीखा अध्ययन को स्मार्ट बनाने का हुनर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.