Pratapgarh News: ‘शोले’ स्टाइल का हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी प्रेमिका, देखिए VIDEO
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद स्थित कुंडा कस्बे के फरेदपुर गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती सिर पर ‘इश्क का भूत’ सवार कर मोबाइल टावर के शिखर पर जा बैठी। फिल्म ‘शोले’ के वीरू की याद दिलाने वाले इस दृश्य ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सांसें हलक में अटका दीं। प्रेमी से विवाद के बाद टावर पर चढ़ी इस युवती को नीचे उतारने के लिए प्रशासन को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रेमी को बुलाओ, तभी उतरूंगी…
जानकारी के अनुसार, युवती बाघराय थाना क्षेत्र की रहने वाली है। गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन किसी बात पर अनबन होने के बाद नाराज युवती कुंडा के फरेदपुर पहुंच गई और देखते ही देखते मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का कहना था कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर नहीं आता, वह नीचे नहीं उतरेगी। घटना की खबर आग की तरह फैली और मौके पर तमाशबीनों का भारी जमावड़ा लग गया, जिससे पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में पसीने छूट गए।
प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद
सूचना मिलते ही तहसीलदार कुंडा अलख नारायण शुक्ला, थाना प्रभारी मनोज पांडे और अग्निशमन विभाग (Fire Service) की टीम मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन दल ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नीचे जाल और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए। तहसीलदार और थाना प्रभारी ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को घंटों समझाया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। युवती की दुस्साहिक हरकत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
घंटों बाद मिली राहत
कड़ी मान-मनौव्वल और प्रेमी को बुलाने का आश्वासन मिलने के बाद आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता मिली। जब युवती नीचे आई, तब जाकर अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों ने चैन की सांस ली। पुलिस अब इस मामले में युवती के परिजनों और प्रेमी पक्ष से पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट: विनोद मिश्रा
Also Read: Siddharthnagar News: ‘मिशन शक्ति’ का दिखा असर, महिला थाने की पहल से उजड़ने से बचे 8 परिवार

