मायावती ने फिर बुलंद की आवाज, पूछा- “कब पूरा होगा पश्चिमी यूपी और हाईकोर्ट बेंच का सपना?”

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक बार फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पृथक राज्य बनाने और वहां हाईकोर्ट की अलग बेंच स्थापित करने का मुद्दा गरमा दिया है। रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने बयान में उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने का गंभीर आरोप लगाया।

जेवर एयरपोर्ट पर कांग्रेस को घेरा

मायावती ने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन लंबे इंतजार के बाद हुआ है, जबकि इसकी रूपरेखा और बुनियादी काम बसपा सरकार के दौरान ही शुरू हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने बाधाएं उत्पन्न नहीं की होतीं, तो यह कार्य यमुना एक्सप्रेसवे की तरह काफी पहले ही पूरा हो गया होता।

सपा और भाजपा पर तीखा हमला

मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकाल बसपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को निष्क्रिय करने में बीता। सपा ने महापुरुषों के सम्मान में बने संस्थानों और जिलों के नाम बदले, जो उनकी पिछड़ी राजनीति का परिचायक है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का अलग प्रदेश और हाईकोर्ट की बेंच का सपना न जाने कब पूरा होगा?

बसपा सुप्रीमो ने प्रदेश की जनता को सावधान करते हुए अपील की कि वे विरोधी पार्टियों की “छलावे वाली राजनीति” और बहकावे में न आएं। उन्होंने बसपा शासनकाल के ऐतिहासिक फैसलों और दलित-पिछड़ों के हित में किए गए कार्यों को याद दिलाया।

Also Read: Bahraich News:टायर फटने से अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा, तीन लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.