Bihar Politics: नीतीश कुमार ने छोड़ी विधान परिषद की सदस्यता, नितिन नवीन ने भी दिया इस्तीफा
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सियासी गलियारों में आज उस वक्त हलचल तेज हो गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। संवैधानिक नियमों की बाध्यता के चलते मुख्यमंत्री को यह कदम उठाना पड़ा है। हालांकि, कयासों के विपरीत नीतीश कुमार फिलहाल बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे।
29 शब्दों का त्यागपत्र और संवैधानिक पेच
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद विधान परिषद नहीं पहुंचे, बल्कि उनका इस्तीफा लेकर मंत्री विजय चौधरी और एमएलसी संजय गांधी सभापति के पास पहुंचे। बता दें कि नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सदनों (राज्यसभा और विधान परिषद) का सदस्य केवल 14 दिनों तक ही रह सकता है। आज 30 मार्च को यह समय सीमा समाप्त हो रही थी, जिसके चलते उन्हें एक पद छोड़ना अनिवार्य था। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने इस्तीफा स्वीकार करने की आधिकारिक जानकारी दी।

भाजपा के नितिन नवीन ने भी छोड़ी विधायकी
नीतीश कुमार के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन ने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इस्तीफा प्राप्त हुआ है और इसे स्वीकार कर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
भविष्य की रणनीति पर टिकी निगाहें
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी कब छोड़ेंगे? हालांकि जेडीयू की ओर से अभी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन दिल्ली की राजनीति में उनकी सक्रियता बढ़ने के साफ संकेत मिल रहे हैं।
Also Read: मायावती ने फिर बुलंद की आवाज, पूछा- “कब पूरा होगा पश्चिमी यूपी और हाईकोर्ट बेंच का सपना?”

