Siddharthnagar News: अब कूड़ा नदी की लहरों से नहीं मिटेगा गांवों का वजूद, 2.85 करोड़ से शुरू हुआ कटान रोकने का काम
Siddharthnagar News: जनपद के तहसील नौगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आने वाले केजी बांध के आसपास बसे गांवों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। कूड़ा नदी के बढ़ते जलस्तर और भीषण कटान की मार झेल रहे देवपुरमस्जिदिया और इमिलिहा गांव के अस्तित्व को बचाने के लिए अब जियो बैग पिचिंग तकनीक का सहारा लिया जाएगा।
कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम धनी राही और ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता कृपाशंकर भारती ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर और नारियल फोड़कर इस सुरक्षात्मक कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

खतरे में था गांवों का अस्तित्व
बता दें कि पिछले सालों में कूड़ा नदी की विनाशकारी बाढ़ ने केजी बांध के किमी 15 और 20 पर इतनी जबरदस्त कटान की थी कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तो इन दोनों गांवों का नक्शे से नामो-निशान मिट सकता था। ग्रामीणों की इसी चिंता को देखते हुए शासन से बजट स्वीकृत कराया गया है।
विधायक श्याम धनी राही ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, अब हमारे किसान भाइयों और ग्रामीणों को डरने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह पुनीत कार्य शुरू हो रहा है। मैंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि काम पूरी तरह मानक के अनुरूप होना चाहिए, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लाखों की लागत, आधुनिक तकनीक से बचाव
ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता ने कार्य का विवरण साझा करते हुए बताया कि देवपुरमस्जिदिया गांव में लगभग 1.35 करोड़ रुपये की लागत से 750 फीट की दूरी तक कटान रोकने का काम होगा। वहीं इमिलिहा गांव में करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से 750 फीट की दूरी तक जियो बैग पिचिंग और प्रकोपाइन विधि से काम किया जाएगा। ठेकेदार संजय सिंह (श्याम एसोसिएट्स) के नेतृत्व में यह काम लगभग 2 महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

गांवों में जश्न, संदेश वाहक का जताया आभार
जैसे ही कटान स्थल पर मशीनों की गूंज सुनाई दी और पत्थर गिरने शुरू हुए, ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने इस मुहिम में स्थानीय समाचार पत्र ‘संदेश वाहक’ और उनके रिपोर्टर की भी जमकर प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि अखबार ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाकर सोए हुए सिस्टम को जगाया, जिससे आज यह जनहित का कार्य संभव हो पाया है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर सहायक अभियंता रविरंजन और मालविका जायसवाल, अवर अभियंता राधेश्याम भारती, अनिल कुमार, कोतवाल लोटन डीके सरोज, वरिष्ठ ठेकेदार संजय सिंह, पूर्व बीडीसी मुबारक खान, वाजिद अली खान, असलम खान सहित ड्रेनेज खंड की पूरी टीम और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: IPL 2026: मजदूर पिता का बेटा बना मैच विनर, डेब्यू में ही कर दिया कमाल

