रुपये की गिरावट को लेकर अखिलेश यादव का हमला, BJP पर साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि गिरने के मामले में रुपये और भाजपा की छवि के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भाजपाइयों के कांड, कुकर्म और भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो रहा है, वैसे-वैसे पार्टी की छवि लगातार गिरती जा रही है।
भाजपा पर नैतिक दिवालियापन का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों से जुड़े मामलों का खुलासा तो हो रहा है, लेकिन किसी का इस्तीफा नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में हमेशा नैतिक दिवालियापन रहा है और अब यह अपनी पराकाष्ठा पर पहुंच चुका है।
आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल
उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों को गलत बताते हुए कहा कि इनके कारण देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता दोनों संकट में हैं। उन्होंने कहा कि रुपये की कीमत लगातार गिर रही है और महंगाई बढ़ती जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ी है।
महंगाई और ऊर्जा संकट पर घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि देश में रसोई गैस सिलेंडर के लिए जगह-जगह लाइनें लग रही हैं और सरकार ऊर्जा संकट को लेकर तैयार नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध के कारण पैदा हुए हालात के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए और जनता को गुमराह करती रही।
विदेश नीति और वैश्विक हालात पर भी सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश की विदेश नीति विदेशी ताकतों द्वारा तय की जा रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन वैश्विक संकट के दौरान सरकार केवल तमाशाई बनी रही, जिसका असर देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता पर पड़ रहा है। इस तरह अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों, अर्थव्यवस्था और वैश्विक मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की है।
Also Read: सूरत में रसोई गैस रिसाव से घर में भड़की आग, एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले

