Lucknow News: सैलून मैनेजर रत्ना सुसाइड केस में एक्शन, मुख्य आरोपी शरद सिंह के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

Lucknow News: राजधानी के गोमतीनगर एक्सटेंशन में हुए चर्चित सैलून मैनेजर रत्ना सिंह सुसाइड केस में प्रशासन ने शनिवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी और रसूखदार बिजनेसमैन शरद सिंह के अपार्टमेंट में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। इस ताबड़तोड़ एक्शन से पहले पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी शरद सिंह के होटल, सैलून और तीन लग्जरी कारों को पहले ही सीज किया जा चुका है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

सुसाइड नोट की जगह छोड़ा था वीडियो

मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली रत्ना सिंह ने बीते 12 मई को गोमतीनगर विस्तार स्थित शालीमार विस्टा अपार्टमेंट में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले रत्ना ने एक दिल दहला देने वाला वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने बिजनेसमैन शरद सिंह, उसकी पत्नी पल्लवी सिंह, मंगल यादव, वैशाली और प्रशांत शर्मा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे।

रत्ना सिंह ने बयान में कहा था, मुझे शारीरिक और मानसिक रूप से इस हद तक प्रताड़ित किया जा चुका है कि अब मेरे पास इस दुनिया से जाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। इस मामले में मृतका के पिता सुधीर सिंह की तहरीर पर गोमती नगर विस्तार थाने में पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, शुरुआती दौर में पुलिस ने केवल एक आरोपी मंगलनाथ यादव (जो शरद के होटल का कर्मचारी है) को गिरफ्तार किया था, जिसे लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

मुख्यमंत्री की चौखट पर पहुंचा था परिवार

मामले में मोड़ तब आया जब 15 मई को न्याय की आस में रत्ना के पिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी गुहार लगाई। इसके अगले ही दिन 16 मई को पिता ने एक और वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अपने ऊंचे रसूख और पैसे के बल पर पुलिसिया कार्रवाई से बच रहा है। मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद लखनऊ पुलिस और जिला प्रशासन तत्काल पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया।

Also Read: Basti News: पचौरी बाग कांड का मुख्य सूत्रधार सद्दाम मुठभेड़ में घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.