Lucknow News: ‘अब कोई विकल्प नहीं’, भीषण गर्मी के बीच सड़क पर रेंगते हुए मंत्री का आवास घेरने पहुंचे 69,000 भर्ती के अभ्यर्थी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में 69,000 शिक्षक भर्ती मामले को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है।
भीषण गर्मी के बीच सोमवार, 18 मई को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी लखनऊ में सड़क पर रेंगते हुए राज्य के संदीप सिंह के आवास की ओर कूच करते नजर आए। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
अभ्यर्थियों ने सरकार पर उनकी मांगों की लगातार अनदेखी का आरोप लगाते हुए यह अनोखा प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 69,000 शिक्षक भर्ती से जुड़े मामले की अगली सुनवाई 31 मई को निर्धारित है, लेकिन अब तक अदालत में उनकी ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की जा रही है।
उनका आरोप है कि सरकार और संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

“मजबूरी में उठाया कदम”
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि वे केवल सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं, ताकि कोर्ट में मजबूती से उनका पक्ष रखा जाए और लंबे समय से अटके विवाद का जल्द समाधान हो सके।
एक अभ्यर्थी ने कहा, “हमारी हालत कीड़े-मकोड़ों से भी बदतर हो गई है। पिछले छह साल से हम आंदोलन कर रहे हैं। अब गर्मी, सर्दी या बारिश—कुछ भी मायने नहीं रखता। हमारे पास कोई और विकल्प नहीं बचा है।”
छह साल से जारी है संघर्ष
अभ्यर्थियों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा मामला लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया में फंसा हुआ है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका है।
उनका कहना है कि सरकार को चाहिए कि वह अदालत में मजबूती से पक्ष रखे, ताकि वर्षों से जारी इस आंदोलन का समाधान निकल सके और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
Also Read: Kanpur News: कानपुर विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 48 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

