देशभर में दवा विक्रेताओं की हड़ताल, आज बंद रहेंगी खुदरा मेडिकल स्टोर की दुकानें
Sandesh Wahak Digital Desk : देशभर में आज दवाओं के खुदरा विक्रेता हड़ताल पर हैं, जिसके चलते अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 15 लाख से अधिक केमिस्ट और ड्रगिस्ट इस राष्ट्रव्यापी बंद में शामिल हुए हैं।
यह हड़ताल दवाओं की कथित अवैध ऑनलाइन बिक्री, कॉर्पोरेट कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और AI द्वारा तैयार किए जा रहे प्रिस्क्रिप्शन के विरोध में की जा रही है। AIOCD ने सोमवार को इसकी घोषणा की थी।
ठाणे में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के अध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद जगन्नाथ शिंदे ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जारी की गई उन अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग को लेकर यह बंद बुलाया गया है, जिनके कारण कथित तौर पर ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा मिला है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों से जुड़ी दवा दुकानें खुली रहेंगी और इमरजेंसी दवा सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।

फर्जी दवाओं और भारी छूट को लेकर जताई चिंता
AIOCD का आरोप है कि ऑनलाइन दवा बिक्री के चलते बिना डॉक्टर के पर्चे के ही फर्जी दवाएं, एंटीबायोटिक और प्रतिबंधित दवाएं आसानी से बेची जा रही हैं, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। संगठन का कहना है कि इससे खासकर युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
जगन्नाथ शिंदे ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां महामारी के दौरान मिली छूट का अब भी फायदा उठा रही हैं और 20 से 50 प्रतिशत तक की भारी छूट देकर छोटे खुदरा दवा कारोबारियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि महामारी खत्म हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन उस दौरान लागू किए गए प्रावधान अब भी जारी हैं, जिससे पारंपरिक दवा विक्रेताओं का कारोबार प्रभावित हो रहा है। संगठन के मुताबिक, बुधवार शाम से दवा दुकानों का संचालन सामान्य रूप से फिर शुरू हो जाएगा।

